दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में रहने वालों के लिए जरूरी खबर है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने 16 और 17 अप्रैल को 18 घंटे की पानी कटौती का ऐलान किया है। यह कटौती एक बड़े जल वितरण पाइपलाइन पर जरूरी काम के चलते की जा रही है।
मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, एक प्रमुख जल वितरण लाइन पर आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य के कारण लगभग 18 घंटे तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। यह कटौती गुरुवार 16 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शुरू होकर शुक्रवार 17 अप्रैल को सुबह 4 बजे तक चलेगी।
क्यों हो रही पानी की कटौती?
बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि एफ-दक्षिण (F-South) वार्ड के अंतर्गत शिवड़ी (Sewri) के पास हाजी बंदर रोड पर स्थित टनल वाटर पाइपलाइन में 1500 मिमी के दो ‘बटरफ्लाई वाल्व’ लगाए जाने हैं। इस काम का मुख्य उद्देश्य भारदावाड़ा हिल जलाशय (Bhardavada Hill Reservoir), फॉस्बेरी हिल जलाशय (Phosberry Hill Reservoir) और गोलनाजी हिल जलाशय (Golnaji Hill Reservoir) से होने वाली जलापूर्ति को बेहतर तरीके से नियंत्रित और सुचारु बनाना है। इससे दक्षिण मुंबई के बड़े हिस्से में पानी सप्लाई अधिक सुचारु और संतुलित हो सकेगी, जिससे भविष्य में जल वितरण व्यवस्था बेहतर होगी।
किन इलाकों में पड़ेगा असर?
बीएमसी के मुताबिक, यह पानी सप्लाई बंद 16 अप्रैल (गुरुवार) सुबह 10 बजे से 17 अप्रैल (शुक्रवार) सुबह 4 बजे तक रहेगी। इस दौरान कई इलाकों में पूरी तरह पानी बंद रहेगा, जबकि कुछ जगहों पर कम प्रेशर से सप्लाई होगी।
बीएमसी के ए, बी, सी, ई और एफ-दक्षिण वार्डों के कई हिस्सों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी या कम दबाव के साथ होगी।
A वार्ड: सीएसएमटी, पीडी मेलो रोड, सेंट जॉर्ज अस्पताल और आरबीआई के आसपास के इलाकों में सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी।
B वार्ड: मस्जिद बंदर, उमरखाड़ी, डोंगरी और आसपास के इलाकों में दो दिनों तक अलग-अलग समय पर पानी की सप्लाई बाधित रहेगी।
C वार्ड: बोरा बाजार, कालबादेवी जैसे घने आवासीय और बाजार क्षेत्रों में 17 अप्रैल को पानी नहीं आएगा।
E वार्ड: नागपाड़ा, भायखला, जेजे रोड और अग्रिपाड़ा में कम दबाव या पूरी तरह से पानी की कटौती होगी।
F-दक्षिण वार्ड: लालबाग, शिवड़ी, वडाला (पूर्व), दादर और हिंदमाता जैसे इलाकों में पानी की भारी कटौती होगी या पानी बेहद धीमा आएगा।
बड़े अस्पतालों पर भी असर
हालांकि नगर निकाय ने स्पष्ट किया है कि केईएम अस्पताल, टाटा मेमोरियल, जेजे अस्पताल, नायर और कस्तूरबा जैसे प्रमुख अस्पतालों में पानी की आपूर्ति जारी रहेगी, लेकिन प्रेशर काफी कम रहेगा।
बीएमसी की नागरिकों से अपील
बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि के लिए पहले से ही पर्याप्त पानी जमा कर लें और इसका संयम से उपयोग करें। साथ ही, सावधानी के तौर पर अगले 4-5 दिनों तक पानी उबालकर और छानकर पीने की सलाह दी गई है।


