जयपुर में आज पानी संकट: 60 घंटे शटडाउन से हाहाकार, बीसलपुर लाइन में 33 लीकेज से 50 लाख लोग तरसे

जयपुर में आज पानी संकट:  60 घंटे शटडाउन से हाहाकार, बीसलपुर लाइन में 33 लीकेज से 50 लाख लोग तरसे

Jaipur Water Crisis: जयपुर शहर में रविवार को बड़ा जल संकट खड़ा हो गया है। बीसलपुर डेम से जयपुर के लिए सप्लाई हो रही जलापूर्ति पाइप लाइन में बड़े लीकेज को ठीक करने के लिए जलदाय विभाग ने शनिवार रात 8 बजे से रविवार रात 8 बजे तक 60 घंटे का मेगा शटडाउन लिया है। ऐसे में अब शहर के ​बाशिंदों को सोमवार सुबह ही सरकारी पानी की सप्लाई मिलेगी।

17 साल पुरानी पाइप लाइन हुई जर्जर

जयपुर की लाइफ लाइन बनी बीसलपुर पाइपलाइन अब जर्जर हालत में है। सूरजपुरा से जयपुर तक 105 किलोमीटर लंबी और 2300 एमएम की यह लाइन करीब 17 साल पुरानी हो चुकी है। पानी में घुलकर आने वाली मिट्टी और जंग लगातार पाइप को कमजोर कर रहे हैं। 2024 में हुए निरीक्षण में इंजीनियरों ने इस लाइन में 33 लीकेज पाए थे और जैकेटिंग कर स्क्वार वॉल्व को मजबूत करने की कोशिश भी की गई, लेकिन हालात सुधरे नहीं। जैसे ही सप्लाई बढ़ाई जाती है, नए लीकेज सामने आ जाते हैं।

नतीजतन, शहर की 50 लाख आबादी की पेयजल व्यवस्था बार-बार संकट में पड़ रही है। सरकार ने 2025-26 में 1886 करोड़ की लागत से नई पाइपलाइन बिछाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक डीपीआर भी तैयार नहीं हो सकी। ऐसे में हर बार मेगा शटडाउन लेना मजबूरी बन गया है, जिससे शहरवासियों को लंबे समय तक पानी के लिए तरसना पड़ता है।

नई लाइनः घोषणा के बाद सिर्फ बातें हुईं

शहर की बेहतर पेयजल व्यवस्था के लिए सरकार ने 2025-26 में विधानसभा में सूरजपुरा से जयपुर तक नई पाइपलाइन बिछाने की 1886 करोड़ रुपए की योजना घोषित की थी। इसके बाद दूसरा बजट भी जारी हो चुका है, लेकिन बीसलपुर प्रोजेक्ट के इंजीनियर अब तक पाइपलाइन बिछाना तो दूर, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार नहीं कर पाए हैं।

अधिकारियों ने यह चर्चा जरूर की कि 2015 में जिस फर्म ने डीपीआर बनाई थी, उसी से दोबारा डीपीआर बनवाई जाए। लेकिन आज तक यह तय नहीं हो सका कि डीपीआर किस फर्म से तैयार करवाई जाए। योजना केवल कागजों में ही अटकी हुई है और काम आगे नहीं बढ़ पाया है।

ऐसी मजबूरीः लेना पड़ता मेगा शटडाउन

अब स्थिति ऐसी है कि लाइन में आए एक लीकेज की मरम्मत के लिए 24 से 60 घंटे तक के मेगा शटडाउन लेना मजबूरी हो गया है। मौजूदा लीकेज भी एक साल पहले ही सामने आ गया था लेकिन शहर की पेयजल सप्लाई बेपटरी होने के डर से चुप बैठे रहे। इससे पहले 2023 में लाइन में आए लीकेज के कारण शहर के लोगों को 90 घंटे बाद पानी नसीब हुआ था ।

टेंकरों से घरों तक पहुंचाएंगे पानी

बीसलपुर लाइन में आए लीकेज की मरम्मत के लिए शनिवार शाम से 60 घंटे का शटडाउन शुरू हो गया और रविवार को शहर में सप्लाई नहीं होगी। जयपुर एसीई अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि लोगों की पेयजल जरूरतों के हिसाब से शनिवार को 170 टैंकर के 1 हजार 52 फेरों के जरिये लोगों के घरों तक पानी पहुंचाया गया। वहीं रविवार को नलकूपों के जरिये शहर में पेयजल सप्लाई बहाल रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *