चंदौली जिले के नियामताबाद ब्लॉक के दुल्हीपुर गाँव का 52 बीघा मोहल्ला पिछले एक साल से गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहा है। जल निगम द्वारा पाइपलाइन न बिछाए जाने के कारण स्थानीय निवासियों को दैनिक ज़रूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। दुल्हीपुर नियामताबाद का सबसे बड़ा और अधिक आबादी वाला गाँव है। स्थानीय निवासियों तारिक, मो. फज़ल, हमीद, वाहिद अली और एकलाख के अनुसार, मोहल्ले के हैंडपंपों से गंदा और दूषित पानी निकलता है, जो पीने योग्य नहीं है। इस वजह से लोगों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए आवश्यक सामग्री पिछले एक साल से मौके पर पड़ी हुई है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस संबंध में जल निगम के सुपरवाइजर हर्ष यादव ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण पाइपलाइन बिछाने में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल निगम द्वारा जल्द ही पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे मोहल्ले के लोगों को जल संकट से राहत मिल सकेगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और जल निगम अपने वादे पर अमल करते हुए शीघ्र कार्य पूरा करेंगे, ताकि लंबे समय से चली आ रही इस गंभीर समस्या का समाधान हो सके।


