हिसार में ऑनलाइन गिरदावरी बंद करने की चेतावनी:लघु सचिवालय में पटवारियों का धरना, निलंबित साथियों को बहाल करने की मांग

हिसार में ऑनलाइन गिरदावरी बंद करने की चेतावनी:लघु सचिवालय में पटवारियों का धरना, निलंबित साथियों को बहाल करने की मांग

हिसार में हरियाणा राजस्व पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर पटवारियों का सांकेतिक धरना लघु सचिवालय में दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान पटवारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो वे आगामी समय में ऑनलाइन गिरदावरी का कार्य नहीं करेंगे। एसोसिएशन के जिला सचिव बलबीर सिंह झाझड़िया ने बताया कि, यह आंदोलन अक्टूबर 2025 में छह पटवारियों के निलंबन के विरोध में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की मुख्य मांग निलंबित पटवारियों को तुरंत बहाल करना है। इसके अतिरिक्त, नवनियुक्त पटवारियों के प्रशिक्षण काल को सेवा अवधि में शामिल करने और उनकी परीक्षा के परिणाम जल्द घोषित कर उन्हें नियुक्ति देने की भी मांग की गई। मोबाइल और टैब उलपब्ध कराने की मांग आंदोलनकारी पटवारियों ने सरकार पर आरोप लगाया कि, विभागीय कामकाज का अधिकांश हिस्सा ऑनलाइन होने के बावजूद उन्हें सरकारी टैब या मोबाइल फोन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से उत्तम गुणवत्ता के मोबाइल और टैब उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ये सुविधाएं नहीं दी गईं, तो जिले का कोई भी पटवारी या कानूनगो रबी 2026 की ऑनलाइन गिरदावरी नहीं करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। अन्य मांगों में बकाया एलटीसी का भुगतान और सरकार द्वारा घोषित तीन-तीन इंक्रीमेंट का एरियर जारी करना शामिल है। धरने में जिला हिसार और हांसी के सभी कानूनगो व पटवारी शामिल हुए। जिला सचिव ने बताया कि जिले में लगभग 110 कानूनगो और पटवारी इस सांकेतिक प्रदर्शन में भाग ले रहे हैं। यह आंदोलन 4 फरवरी तक जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक सरकार की ओर से बातचीत के लिए कोई पहल नहीं की गई है। राजस्व स्तरीय कमेटी के निर्णय के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *