शिक्षकों की समस्याओं पर आंदोलन की चेतावनी:देवरिया में जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ ने देवरिया में बैठक कर दी चेतावनी

शिक्षकों की समस्याओं पर आंदोलन की चेतावनी:देवरिया में जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ ने देवरिया में बैठक कर दी चेतावनी

देवरिया में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ की एक आवश्यक बैठक शुक्रवार को बीआरसी स्थित शिक्षक भवन में आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शैक्षिक गतिविधियों, शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सत्रीय परीक्षा और निपुण विद्यालय आकलन की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने सभी शिक्षक बंधुओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि विद्यालयों को निपुण बनाने के साथ-साथ जनपद को भी निपुण बनाया जा सके। सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान यदि किसी शिक्षक या कर्मचारी का आकस्मिक अवकाश शेष है और वह अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसे अनुपस्थित न मानते हुए आकस्मिक अवकाश में समायोजित किया जाए। जिला महामंत्री नंदलाल ने कहा कि संगठन शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने चयन वेतनमान, वरिष्ठता सूची, सेवा पुस्तिका और एरियर भुगतान सहित कई मामलों में लगातार सामने आ रही लापरवाही पर चिंता व्यक्त की। नंदलाल ने शिक्षकों से अपील की कि वे अपनी वरिष्ठता सूची और वेतन संबंधी अभिलेखों का मिलान कर लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर संगठन को तत्काल अवगत कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
बैठक को मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, मंडल महामंत्री अशरफ अली खान, मंत्री दीनदयाल कुशवाहा और नरेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन की एकता बनाए रखने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने पर जोर दिया। इस दौरान अवकाश तालिका वर्ष 2027 का वितरण सभी ब्लॉकों को किया गया, ताकि इसे समय से विद्यालयों तक पहुंचाया जा सके। बैठक में नंद प्रकाश सिंह, अमरनाथ, रामनिरंजन कुमार, आनंद श्रीवास्तव, कुसुम चौहान, मारकंडेय सिंह, इंद्रसेन गुप्ता, अली अहमद सहित सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष, मंत्री एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *