धौलपुर में निहालगंज थाना क्षेत्र स्थित नारायण बिहार कॉलोनी में बुधवार को जलभराव के कारण एक हादसा हो गया। लगातार पानी भरे रहने से एक मकान के पशु बाड़े की दीवार ढह गई, जिससे उसमें बंधे 2 पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। यह घटना नारायण विहार कॉलोनी निवासी उदय सिंह पुत्र जगदीश सिंह के मकान में हुई। बताया गया है कि कॉलोनी में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण मकान और पशु बाड़े की नींव लगातार गीली रह रही थी, जिसके चलते पशु बाड़े की दीवार कमजोर होकर गिर गई। शोर सुनकर दौड़े लोग
हादसे के समय दोनों पशु बाड़े में बंधे हुए थे और दीवार गिरते ही उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मदद का प्रयास किया, लेकिन तब तक पशुओं को बचाया नहीं जा सका। गनीमत रही कि घटना के समय बाड़े के भीतर या आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई मानवीय क्षति नहीं हुई। शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान
इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि नारायण विहार कॉलोनी में जलभराव की समस्या पुरानी है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद न तो स्थायी निकासी की व्यवस्था की गई और न ही इस समस्या का समाधान हुआ। लगातार जमा पानी से मकानों की दीवारें कमजोर हो रही हैं, जिससे भविष्य में बड़े हादसों की आशंका बनी हुई है। प्रशासन से मुआवजे की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की ठोस व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


