हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उकलाना–दौलतपुर मार्ग पर बाइक और क्रूजर गाड़ी की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव साहू निवासी 23 वर्षीय सूरज उर्फ सुशील अपने गांव के वीरेंद्र सहित उकलाना के दो अन्य युवकों के साथ गांव धांसू में वेटर के तौर पर काम करने गया हुआ था। कार्य समाप्त कर चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर धांसू से उकलाना लौट रहे थे। जब वे गांव दौलतपुर से आगे उकलाना की ओर बढ़ रहे थे, उसी दौरान उकलाना से दौलतपुर की ओर जा रही एक क्रूजर गाड़ी से सड़क पर बने मोड़ पर उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
भीषण टक्कर में चारों युवक घायल, एक की मौत टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और एंबुलेंस के माध्यम से हिसार के सामान्य अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने गांव साहू निवासी 23 वर्षीय सूरज उर्फ सुशील को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी हादसे में गांव साहू निवासी वीरेंद्र की टांग में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है, जबकि बाइक पर सवार उकलाना निवासी दो अन्य युवकों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का हिसार के सामान्य अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शुरू की जांच मृतक सूरज उर्फ सुशील पुत्र सुरजा राम का शव पोस्टमार्टम के लिए हिसार के सामान्य अस्पताल में रखवाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


