भास्कर न्यूज | कोरबा वैनगंगा सुपरफास्ट द्वि-साप्ताहिक ट्रेन में सफर करना यात्रियों के लिए काफी सिरदर्द बना हुआ है। रेल प्रशासन इस गाड़ी का रूट यशवंतपुर से कोरबा के बीच मात्र 3 फेरे के लिए बदलकर चलाने की घोषणा की थी। जिसके अनुसार परिवर्तित मार्ग से चलाने की मियाद 13 फरवरी के फेरे के साथ ही समाप्त हो चुकी है। परिवर्तित रूट से चलने के कारण इस गाड़ी का टाइम शेड्यूल पूरी तरह लड़खड़ा गया है। जिसका खामियाजा सफर करने वाले यात्रियों को अभी तक भुगतना पड़ रहा है। 13 फरवरी के बाद यह गाड़ी दूसरा फेरा लगा चुकी है और यहां से रविवार को तीसरा फेरा लगा रही है यशवंतपुर के लिए। फिर भी गाड़ी समय की पटरी पर नहीं दौड़ पा रही है। 12251 यशवंतपुर से कोरबा आने वाली द्वि साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुक्रवार को यशवंतपुर से अपने निर्धारित समय रात 11.40 बजे के स्थान पर करीब 6 घंटा देरी से शनिवार की सुबह 5.49 बजे छूटी थी। इसके बाद भी यह गाड़ी कोरबा आते आते 11 घंटा विलंब हो गई। कोरबा आने वाली यह गाड़ी बिलासपुर जोन में प्रवेश करने के साथ ही और विलंब होती गई। विलंब का समय बढ़ने का सिलसिला गोंदिया स्टेशन से बढ़ने लग गया था। हर स्टापेज पर यह कहीं 20 मिनट तो कहीं 30 मिनट ही नहीं 45 मिनट अतिरिक्त रोकी जाती रही। जिसकी वजह से रविवार को यह गाड़ी अपने तय समय सुबह 4.30 बजे के स्थान पर दोपहर 3.28 बजे पहुंची थी। विलंब से पहंुचने के कारण यहां आने वाले यात्रियों को तो परेशानी हुई ही, कोरबा से यशवंतपुर जाने वाले यात्री भी परेशान होते रहे। यह गाड़ी यहां आने के बाद सुबह 8.05 बजे यशवंतपुर के लिए रवाना हो जाती है। विलंब से पहुंचने के चलते इसे 9.30 घंटा बाद शाम 5.30 बजे रवाना किया जा सका।


