Virat Kohli on Sarfaraz Ahmed Retirement: क्या सच में विराट कोहली ने पाकिस्तानी पूर्व कप्तान सरफराज अहमद के संन्यास पर कोई पोस्ट किया है? जानें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उस इमोशनल इंस्टाग्राम स्टोरी का पूरा सच, जिसने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है।
Virat Kohli on Sarfaraz Khan Retirement: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने रविवार 15 मार्च 2026 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। पीसीबी (PCB) ने खुद इसकी पुष्टि की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर सरफराज को बधाई देने वालों का तांता लग गया। लेकिन इसी बीच एक इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सरफराज के लिए एक इमोशनल मैसेज लिखा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
सोशल मीडिया (एक्स) पर तल्हा नवाज नाम के एक यूजर ने यह स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसमें विराट कोहली के नाम और फोटो के साथ लिखा है, ‘सरफराज अहमद को शानदार करियर के लिए बधाई। आपने पाकिस्तान का पूरे जुनून के साथ नेतृत्व किया। चैंपियंस ट्रॉफी 2017 का फाइनल आपके और आपकी टीम के लिए यादगार था। भविष्य के लिए आपको ढेर सारी शुभकामनाएं।’
क्या है इस पोस्ट की असली सच्चाई?
अगर आप भी इस पोस्ट को सच मान रहे हैं, तो रुक जाइए! सच तो यह है कि विराट कोहली ने ऐसा कोई भी पोस्ट अपने किसी भी सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर नहीं किया है। यह पूरी तरह से एक फेक पोस्ट है। हैरानी की बात तो यह है कि जिस शख्स ने इस फेक स्टोरी को वायरल किया, उसने बाद में खुद कमेंट में लिखा कि उसने यह नहीं कहा कि यह असली विराट कोहली का पोस्ट है। हालांकि, स्क्रीनशॉट को इस तरह एडिट किया गया है कि पहली नजर में कोई भी धोखा खा जाए।
पुरानी हार के जख्म
सरफराज अहमद वही कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम को हराया था। ऐसा लगता है कि कुछ पाकिस्तानी फैंस उसी हार की यादें ताजा करने और सुर्खियां बटोरने के लिए विराट कोहली के नाम का सहारा लेकर यह झूठी खबर फैला रहे हैं। कुल मिलाकर बात यह है कि सरफराज ने रिटायरमेंट जरूर लिया है, लेकिन विराट कोहली की तरफ से फिलहाल ऐसा कोई आधिकारिक संदेश नहीं आया है।
Sports – Patrika | CMS



