कौशांबी के चरवा थाना क्षेत्र के बरियावा गांव में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, रामानंद पुत्र पुदई ने बताया कि सोमवार को प्रेम कुमार पुत्र बैजनाथ और उसके परिवार के सदस्यों ने उनके भाई रामसजीवन पुत्र पुदई के साथ मारपीट की थी। इस घटना में रामसजीवन गंभीर रूप से घायल हो गए थे और पहले से ही जिला अस्पताल में भर्ती हैं। इसी पुरानी रंजिश के कारण गुरुवार सुबह जब रामानंद खेत की ओर जा रहे थे, तभी प्रेम कुमार, अजय कुमार (पुत्र बैजनाथ) और पुनीत (पुत्र चंन्दी) ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। रामानंद के परिवार के सदस्यों के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में प्रथम पक्ष से प्रेम कुमार, अजय कुमार और पुनीत घायल हुए। वहीं, द्वितीय पक्ष से शिवमूरत पुत्र पुदई, रामप्रकाश पुत्र रामसजीवन, सुरेंद्र कुमार और रामानंद घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पुनीत पुत्र चंदी लाल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कौशांबी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यनारायण प्रजापत जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और बताया कि एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई है। एसपी ने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन टीमें गठित करने की बात कही और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।


