मथुरा में पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प, 5 घायल:लाठी-डंडे और पत्थर चले, पुलिस जांच में जुटी

मथुरा में पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प, 5 घायल:लाठी-डंडे और पत्थर चले, पुलिस जांच में जुटी

मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र स्थित नगला काजी गांव में बुधवार सुबह दो पड़ोसियों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद लाठी-डंडों और पथराव में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, नगला काजी निवासी लब्बू और उसके पड़ोसी राजू के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। दो दिन पहले भी उनके बीच कहासुनी हुई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया था। बुधवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ओर से लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। अचानक हुई हिंसा से गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही थाना जमुनापार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *