उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के इंदौर दौरे के दौरान विंध्याचल सोशल ग्रुप के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर रीवा-इंदौर ट्रेन को नियमित चलाने और उसके समय में बदलाव की मांग उठाई। यह मुलाकात शहर की काउंटीवॉक कॉलोनी में एक निजी कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां उपमुख्यमंत्री पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों और कॉलोनीवासियों ने उनसे अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। विंध्य क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी देने की मांग विंध्याचल सोशल ग्रुप ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि रीवा-इंदौर के बीच सीधी ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही है। वर्तमान में ट्रेन की अनियमितता और समय-सारणी यात्रियों के लिए असुविधाजनक है, जिससे रीवा, सतना और विंध्य क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रुप के पदाधिकारियों ने मांग की कि ट्रेन को नियमित किया जाए और उसके समय में ऐसा बदलाव किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में ट्रेन सेवा को और बेहतर बनाने की जरूरत है। उपमुख्यमंत्री ने सभी की बात ध्यान से सुनते हुए संबंधित विभाग से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


