रीवा के भठवा-गढ़ लिंक रोड की दशा इतनी खराब हो गई थी कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह खतरे का सबब बन गई थी। लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने अब खुद ही सड़क पर गहरे गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पूरी तरह बेहाल हो गई थी और कई बार दुर्घटनाओं की भी नौबत आई। ग्रामीणों ने मिट्टी और बजरी का इस्तेमाल कर गड्ढों को भरना शुरू किया। उन्होंने कहा कि यह कदम सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मजबूरी में उठाया गया। किसानों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को इससे तुरंत फायदा होगा। ओम शुक्ला ने बताया कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से इस लिंक रोड को 2 लेन में विकसित करने की मांग की है। सड़क चौड़ी होने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि विंध्य के पर्यटन स्थलों जैसे पूर्वा जलप्रपात, बहुती जलप्रपात, क्योटी वाटरफॉल और अष्टभुजी माता मंदिर तक पहुंचना आसान हो जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से काम शुरू होने में देरी के कारण उन्होंने यह पहल की है। ग्रामीणों की इस मेहनत से इलाके में आने-जाने वालों को राहत मिली है और दुर्घटनाओं का खतरा काफी हद तक कम हुआ है। ग्रामीण उम्मीद जता रहे हैं कि सरकार भी इस मुद्दे पर ध्यान दे और सड़क का स्थायी उन्नयन कर उन्हें लंबे समय तक सुरक्षित मार्ग मुहैया कराए।


