विंध्याचल में ग्राम प्रधान के घर पर हमला:लाठी-डंडों से मारपीट, महिलाओं को भी नहीं छोड़ा, सीसीटीवी आया सामने

विंध्याचल में ग्राम प्रधान के घर पर हमला:लाठी-डंडों से मारपीट, महिलाओं को भी नहीं छोड़ा, सीसीटीवी आया सामने

मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के कस्बा कंतित में ग्राम सभा कंतित के प्रधान उमाशंकर यादव के घर पर बीती रात एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में ग्राम प्रधान उमाशंकर यादव और उनके बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि परिवार की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, हमलावर पूर्व नियोजित तरीके से घर पहुंचे और बिना किसी उकसावे के मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो चुके थे। हमले के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं दहशत में आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर लाठी-डंडों के साथ घर में घुसते और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। ग्राम प्रधान के घर पर हुए इस हमले से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *