शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव बेईंपुई में दलित समुदाय के घरों पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच बलदेव सिंह गोरा और अन्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। यह घटना रात में हुई, जहां कथित तौर पर बलदेव सिंह गोरा ने दलित परिवारों के घरों पर पेट्रोल बम फेंके और आग लगा दी। मजीठिया ने इस कृत्य को दलित समुदाय के खिलाफ गुंडागर्दी और बर्बरता करार दिया। आज, सरदार मजीठिया ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को इस अत्याचार के खिलाफ उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया और कहा कि अकाली दल उन्हें न्याय दिलाने में मदद करेगा। पीड़ित परिवार से मिले मजीठिया
मजीठिया ने आरोप लगाया कि यह घटना AAP की दलित विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि AAP सरकार जानबूझकर पंजाब के दलित परिवारों को निशाना बना रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी AAP सरपंच बलदेव सिंह गोरा, मनजिंदर सिंह लालपुरा का करीबी है, जिसे पहले एक दलित परिवार की बेटी को निशाना बनाने के आरोप में जेल हुई थी। पूर्व मंत्री ने बलदेव सिंह गोरा की तुरंत गिरफ्तारी की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP दिल्ली के इशारे पर पंजाब के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। मजीठिया ने इस मामले में दलित समुदाय से आने वाले मंत्री हरपाल सिंह चीमा की चुप्पी पर भी सवाल उठाया और कहा कि उन्हें जनता को जवाब देना होगा।


