Vijay Deverakonda-Rashmika Mandanna Haldi Ceremony: दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी को लेकर इन दिनों काफी बज बना हुआ है। दोनों स्टार्स की शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं। अब दोनों ने अपनी हल्दी की कुछ तस्वीरें साझा की है, जिन्हें देखकर फैंस काफी एक्साइटेड हो गए हैं।
रश्मिका-विजय की हल्दी की तस्वीरें (Vijay Deverakonda-Rashmika Mandanna Haldi Ceremony)
26 फरवरी को विवाह बंधन में बंधने जा रहे इस जोड़े ने 25 फरवरी को हल्दी रस्म की झलक साझा कर प्रशंसकों को एक्साइटेड कर दिया। उदयपुर की वादियों में आयोजित इस समारोह की सजावट देखते ही बनती थी। खुली हवा में बने गोलाकार मंडप को हल्के लकड़ी के पैनलों से घेरा गया था। दोनों ने खुद ही इंस्टाग्राम पर तस्वीरों को साझा किया है।
जमीन पर गुलाबी गुलाब की पंखुड़ियां बिछी थीं, जिनके बीच दूल्हा-दुल्हन के बैठने के लिए दो छोटे लकड़ी के आसन सजे थे। चारों ओर गेंदे के पीले और नारंगी फूलों से सजी टोकरियां रखी गई थीं, जिससे पूरा माहौल मंगलमय दिखाई दे रहा था।
विजय-रश्मिका ने शेयर की तस्वीरें
हल्दी समारोह को और खास बनाने के लिए पर्सनल टच भी जोड़ा गया। फूलों से बने नाम-पट्टों पर ‘रुशी’ और ‘विजय’ लिखकर सजावट का हिस्सा बनाया गया। ये ‘रुशी’ रश्मिका का प्यार भरा उपनाम है।


प्री-वेडिंग में भी दिखी मस्ती
शादी से पहले दोनों ने अपने खास मेहमानों के लिए कई रोचक आयोजन किए। ‘विरोश प्रीमियर लीग’ नाम से क्रिकेट मैच आयोजित किया गया, जिसमें परिवार और दोस्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा पूल पार्टी और संगीत समारोह ने भी उत्सव में चार चांद लगाए। 24 फरवरी को संगीत की शाम आयोजित हुई, जहां संगीत और नृत्य का रंग जमकर बिखरा।

‘द वेडिंग ऑफ विरोश’ क्यों?
कुछ दिन पहले इस जोड़े ने घोषणा की थी कि उनकी शादी को ‘द वेडिंग ऑफ विरोश’ नाम दिया जाएगा। ‘विरोश’ नाम उनके प्रशंसकों ने प्यार से दिया है। दोनों ने कहा कि यह नाम उनके चाहने वालों के स्नेह का प्रतीक है और वे अपनी इस नई शुरुआत को उसी समर्पण के साथ आगे बढ़ाना चाहते हैं।
कहां हो रहा है विवाह?
यह भव्य विवाह समारोह उदयपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर अरावली की पहाड़ियों के बीच आयोजित किया जा रहा है। 23 फरवरी से शुरू हुए उत्सव में फिल्म जगत की कई हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। गौरतलब है कि दोनों ने पिछले वर्ष 3 अक्टूबर 2025 को हैदराबाद में एक निजी समारोह में सगाई की थी, जिसे बेहद सादगी से आयोजित किया गया था।


