शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप जीतकर भारत को विश्व विजेता बनाने वाली विदिशा की बेटी इशिका मीणा के शहर लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली इशिका की इस उपलब्धि से न केवल विदिशा बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और शहरवासियों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ इशिका का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद रेलवे स्टेशन से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। खुली जीप में तिरंगा लेकर चल रहीं इशिका के आगे स्कूली बच्चों का बैंड और ढोल बजते रहे। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। जगह-जगह व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया। दो तस्वीरों में देखिए इशिका का स्वागत… इशिका की आरती उतारी, मिठाई खिलाई शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बरईपुरा चौराहा पहुंची, जहां इशिका की आरती उतारी गई और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर वी टीच स्कूल प्रबंधन द्वारा मंच पर इशिका और उनके कोच जितेंद्र बघेल का सम्मान किया गया। इशिका मीणा महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं। वर्तमान में वे बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से बीपीईएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीपीएड कर रही हैं। साथ ही, वे एक स्कूल में कोच के रूप में बच्चों को खेल प्रशिक्षण भी दे रही हैं। इशिका अब तक 7 सीनियर, 3 जूनियर और 2 सब-जूनियर सहित कुल 11 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। दिल्ली में आयोजित द्वितीय शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप में भारत ने नेपाल को हराकर खिताब जीता था, जिसमें मुख्य अटैकर के रूप में इशिका की भूमिका निर्णायक रही। इशिका के घर पर भी सुबह से स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। घर को सजाया गया और पकवान बनाए गए। घर पहुंचने पर परिवार ने आरती उतारकर और मिठाई खिलाकर बेटी का स्वागत किया। इशिका की बड़ी बहन रागनी मीणा ने बताया कि बचपन से ही इशिका पढ़ाई में होनहार रही हैं और खेलों के प्रति उनकी लगन शुरू से ही अलग रही है। परिवार ने हर कदम पर उसका पूरा सहयोग किया।


