बाराबंकी में अयोध्या हाईवे पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जैदपुर थाना क्षेत्र के अहमदपुर टोल प्लाजा पर ओवरटेक को लेकर हुए विवाद के बाद एक कार चालक डीसीएम के अगले बंपर पर लटक गया। डीसीएम चालक उसे करीब दो किलोमीटर तक वाहन पर लटकाए दौड़ाता रहा। यह पूरी घटना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, लखनऊ की ओर जा रही एक अर्टिगा कार और डीसीएम के बीच ओवरटेक को लेकर बहस हुई। अहमदपुर टोल प्लाजा पर पहुंचने के बाद कार चालक वाहन से उतरा और डीसीएम चालक राम किशन से गाली-गलौज करने लगा। उसने पत्थर से हमला कर डीसीएम चालक को घायल भी कर दिया। इसके बाद कार चालक डीसीएम के अगले बंपर पर चढ़ गया और अपने हाथ में पहने कड़े से शीशा तोड़ने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान टोल का गेट खुल गया और डीसीएम चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। डीसीएम करीब दो किलोमीटर दूर बघौरा के पास रोकी गई, जहां युवक बंपर से उतर सका। हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने डीसीएम को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण तुरंत सफलता नहीं मिली। अहमदपुर पुलिस ने बाद में डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया और चौकी ले गई। जांच में पता चला कि दोनों वाहन चालक शराब के नशे में थे। चौकी प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि घायल डीसीएम चालक का प्राथमिक उपचार कराया गया। नशे में पाए जाने पर दोनों चालकों को समझाकर छोड़ दिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि मामले की आगे की जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।


