महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के मोगलाहा गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल सामने आया है। इस वीडियो में एक महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट करते हुए लोग दिख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मोगलाहा गांव में जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते दिख रहे हैं। वीडियो में एक महिला को जमीन पर पटककर उसके बाल खींचे जा रहे हैं और कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। महिला की चीख-पुकार के बावजूद हमलावरों पर कोई असर नहीं पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव नहीं किया। पीड़िता पुष्पावती देवी ने कोल्हुई थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। कोल्हुई थाना पुलिस के अनुसार, वीडियो और तहरीर के आधार पर मामले को संज्ञान में लिया गया है। जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।


