शाहजहांपुर में एक वीडियो को ‘लव जिहाद’ से जोड़कर पेश किया गया, लेकिन पुलिस जांच में यह दावा पूरी तरह भ्रामक निकला। वीडियो में कुछ युवक एक दुकान में बैठी तीन लड़कियों की वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर इसे दूसरे समुदाय के युवकों द्वारा नाबालिग लड़कियों को दुकान पर लाने का मामला बताया गया था। वीडियो निगोही थाना क्षेत्र की एक दुकान का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक यह वीडियो दो दिन पुराना है। वीडियो में कुछ युवक दुकान के अंदर बैठी तीन लड़कियों की रिकॉर्डिंग करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वे एसएचओ को फोन लगाने की बात भी कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो बनते देख एक लड़की अपना चेहरा छिपाते हुए दुकान के भीतर चली जाती है और वीडियो बनाने का विरोध करती है। इसके बाद तीनों लड़कियां दुकान से निकलकर मुख्य सड़क की ओर भागने लगती हैं। भागती लड़कियों का बाइक से पीछा करते रहे युवक वीडियो में यह भी दिख रहा है कि वीडियो बनाने वाले युवक बाइक पर बैठकर लड़कियों का पीछा करते हुए रिकॉर्डिंग जारी रखते हैं। इस दौरान वे लड़कियों से कहते सुनाई देते हैं, “भागो नहीं बेटा, तुमसे कुछ नहीं कहेंगे।” एक लड़की वीडियो हटाने की गुहार लगाते हुए कहती है, “प्लीज भईया, आपको मेरी कसम।” इसके बावजूद युवक वीडियो हटाने से इनकार करते हैं और कहते हैं, “भागना नहीं, वरना बवाल हो जाएगा, सबका घर पता है।” ‘लव जिहाद’ का एंगल जांच में फेल वीडियो वायरल होने के बाद इसे ‘लव जिहाद’ से जोड़कर सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया। दावा किया गया कि हिंदू नाबालिग लड़कियों को दूसरे समुदाय के युवक कैफे या दुकान पर लेकर आए थे। हालांकि, पुलिस की गहन जांच में यह आरोप पूरी तरह निराधार पाया गया। पुलिस के अनुसार, जिन लड़कियों का वीडियो बनाया गया, वे सभी निगोही थाना क्षेत्र की छात्राएं हैं। वहीं वीडियो बनाने वाले युवक किसी हिंदूवादी संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस बोली- सभी आपस में दोस्त, पार्टी करने आए थे मामले में एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने लड़कियों, उनके साथ आए युवक और दुकानदार समेत सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ की है। जांच में सामने आया कि सभी एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और आपस में दोस्त हैं। एसपी सिटी के मुताबिक, सभी ने पुलिस को बताया कि वे पार्टी करने के लिए दुकान पर आए थे। किसी भी पक्ष ने कोई आपत्ति या शिकायत दर्ज नहीं कराई है। कोई तहरीर नहीं, कार्रवाई से सभी ने किया इंकार पुलिस ने साफ किया है कि मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। सभी संबंधित लोगों ने कार्रवाई से भी इंकार किया है। ऐसे में ‘लव जिहाद’ का आरोप तथ्यों पर खरा नहीं उतरा। शाहजहांपुर एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि लड़कियों, उनके साथ आए युवक और दुकानदार सभी से बात की गई है। सभी आपस में दोस्त हैं। सभी ने बताया कि पार्टी करने के लिए आए थे। किसी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं दी है। ‘लव जिहाद’ का आरोप गलत है।


