लुधियाना में गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। शहर के पॉश इलाके घूमार मंडी के पास स्थित कृष्णा नगर में रविवार दोपहर करीब 12 बजे 10-15 हमलावरों ने एक होम डेकोर दुकानदार और उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ दुकानदार को लहूलुहान किया बल्कि बीच-बचाव करने आई महिलाओं को भी नहीं बख्शा। हमले की यह पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है । क्या था पूरा मामला पीड़ित कुलदीप सिंह ने बताया कि वह रविवार सुबह करीब 11:55 बजे अपने घर से दुकान की ओर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह मोड़ पर पहुंचे वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे लवली नामक युवक और उसके 15 साथियों ने उन्हें घेर लिया। बिना किसी बात के आरोपियों ने कुलदीप पर हमला शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आई मां और पत्नी को भी पीटा शोर सुनकर जब कुलदीप की पत्नी और माता उन्हें बचाने के लिए बाहर आईं तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावर किस कदर बेखौफ थे। वे पीड़ित को खींचकर गाड़ी के पीछे ले गए और वहां बेरहमी से पिटाई की। जब मोहल्ले के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पूरे मामले की जड़ 5 महीने पुरानी है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक आरोपी पक्ष का एक युवक गली में अक्सर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाता था जिससे बच्चों और बुजुर्गों को खतरा रहता था। 5 महीने पहले कुलदीप ने उसे गाड़ी धीरे चलाने के लिए टोक दिया था। उस समय तो आरोपी चला गया लेकिन वह मन में रंजिश पाले बैठा था और रविवार को मौका मिलते ही उसने साथियों के साथ हमला बोल दिया। वीडियो आया सामने घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें हमलावरों की भीड़ पीड़ित पर टूटती नजर आ रही है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।


