अलीगढ़ के सराय हकीम बाजार में भारतीय जनता युवा मोर्चा के दो गुटों के बीच हुई फायरिंग का सातवें दिन वीडियो सामने आया है। मोबाइल से बने वीडियो में गोलियों की तड़तड़ाहट और गोली लगने से घायल होकर सड़क पर गिर रहे युवकों को साफ देखा जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने पर पुलिस के सामने आ रही सीसीटीवी खराब होने की परेशानी का भी हल निकल आया है। महज 23 सेकंड के इस वीडियो में तड़ातड़ 12 राउंड फायरिंग की आवाजें रिकॉर्ड हुई हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि करीब 15 मिनट तक हुई गैंगवार में कितनी गोलियां बीच बाजार बरसीं। दहशत में चीख रहे लोगों की आवाज भी कैद वीडियो में साफ दिख रहा है कि हर्षद हिंदू की गली से निकलकर कुछ युवक बारहद्वारी की ओर बढ़ रहे हैं और दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हो रही है। वीडियो बनाने वाले के आसपास खड़े लोग दहशत में चिल्ला रहे हैं कि गोली चल रही है। इसी दौरान एक युवक को गोली लग गई। इसके बाद दुकान का शटर गिरने की आवाज के साथ वीडियो बंद हो जाता है। मोहित के साथ मारपीट के बाद हुई गैंगवार इस पूरे गैंगवार की जड़ में एक सोशल मीडिया रील सामने आई है। पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि भाजयुमो मंत्री हर्षद हिंदू की एक रील पर मोहित शर्मा ने टिप्पणी की थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर जमकर गाली-गलौज हुई। विवाद इतना बढ़ा कि महावीरगंज में मोहित के साथ मारपीट हुई। हमले के बाद गलियों में छिपे हमलावर मोहित के साथ मारपीट के बाद झगड़े की आशंका को देखते हुए हर्षद ने सराय हकीम में अपनी टीम को इकट्ठा कर लिया था। इसी रंजिश के चलते 12 मार्च की शाम सराय हकीम का बाजार गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि गोली लगने से सड़क पर गिरे एक युवक को उसके साथी उठाकर ले जा रहे हैं, जबकि हमलावर वापस गलियों में छिपते नजर आ रहे हैं। अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में अब तक बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को जेल भेज दिया है। इसमें हर्षद गुट से ताल्लुक रखने वाले घायल हिस्ट्रीशीटर शोएब अहमद और शानू वाल्मीकि को भी इलाज के बाद बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। हर्षद के बुलाने पर आए हमलावर सीओ द्वितीय धनंजय ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने बताया कि वह हर्षद के बुलाने पर ही वहां जमा हुए थे। फिलहाल पुलिस फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में से मोहित शर्मा, अमन पंडित, प्रखर राठी और मन्नू पंडित की तलाश में जुटी है। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों गिरोहों के अवैध धंधों पर भी कड़ी चोट की जाएगी।


