ललितपुर के दैलवारा गांव में खेत की सिंचाई को लेकर हुए विवाद में एक 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उनके बेटे-बहू के साथ मारपीट की गई। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दैलवारा निवासी 78 वर्षीय सुमित्रा देवी अपने 34 वर्षीय पुत्र नरेंद्र और बहू प्रवेशी के साथ रविवार दोपहर अपने खेत में फसल की सिंचाई कर रही थीं। इसी दौरान गांव के कर्नल सिंह, जर्नल सिंह, रामचरण उर्फ सतनाम सिंह और सुनील कुमार सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोपियों ने खेत से पानी निकालने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सुमित्रा देवी और उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की। इस हमले में सुमित्रा देवी और प्रवेशी को चोटें आईं। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को पहले कोतवाली ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सदर ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


