क्रिकेट मैच की कहासुनी पर मारपीट का VIDEO:कौशांबी में युवकों ने लाठी-डंडों से पीटा, घटना CCTV में कैद

क्रिकेट मैच की कहासुनी पर मारपीट का VIDEO:कौशांबी में युवकों ने लाठी-डंडों से पीटा, घटना CCTV में कैद

कौशांबी जिले में क्रिकेट मैच के दौरान हुई कहासुनी के बाद एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना पिपरी थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव की है। पीड़ित दीपक पटेल, पुत्र स्वर्गीय माल बाबू, निवासी पुरैनी ने बताया कि 11 फरवरी की शाम करीब 5 बजे वह बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से पैसे निकालकर बाहर आ रहा था। तभी गांव के ही गोलू और उसके 5-6 साथियों ने उसे घेर लिया। दीपक के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। इस मारपीट में दीपक के सिर में गंभीर चोट आई है। वह किसी तरह मौके से भाग निकला, जिसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
हमले की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में आधा दर्जन युवक लाठी-डंडों से लैस होकर दीपक पर हमला करते साफ दिख रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। सीओ चायल अभिषेक सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारपीट की यह घटना क्रिकेट मैच के दौरान हुई पुरानी कहासुनी की रंजिश का परिणाम है। पीड़ित की तहरीर पर नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *