उन्नाव में युवकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का एक और मामला सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट के बाहर दो छात्र गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सामने आया है। यह घटना उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण की कार पार्किंग के पास स्थित रेस्टोरेंट के बाहर हुई। जानकारी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई। वर्चस्व को लेकर आमने-सामने आए युवक एक-दूसरे पर रॉड, बेल्ट, लात-घूंसे चलाते नजर आए। यह पूरा घटनाक्रम बीच सड़क हुआ, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी बाधित हुआ। वीडियो में लोग इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीरों में देखिए सड़क पर जंग
घटना के समय रेस्टोरेंट के बाहर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित युवकों ने किसी की बात नहीं सुनी। मारपीट के दौरान कुछ युवक सड़क पर गिर पड़े, जबकि अन्य उन्हें लगातार पीटते रहे। आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। वायरल वीडियो सामने आने के बाद उन्नाव पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली पुलिस वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों गुट किस शैक्षणिक संस्थान से जुड़े हैं और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। प्रारंभिक जांच में वर्चस्व और आपसी रंजिश को विवाद का कारण माना जा रहा है। शहर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि यदि जांच में सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की पुष्टि होती है, तो संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की मारपीट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


