नूंह में बाइक व ट्रैक्टर की टक्कर का VIDEO:पति की मौत,पत्नी गंभीर रूप से घायल,ससुराल से घर जा रहे थे दंपति

नूंह में बाइक व ट्रैक्टर की टक्कर का VIDEO:पति की मौत,पत्नी गंभीर रूप से घायल,ससुराल से घर जा रहे थे दंपति

हरियाणा के नूंह जिले के तावडू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव छारोड़ा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान वाहिद (35) निवासी राहाड़ी के रूप में हुई है। घायल पत्नी अफसाना के हाथ में फ्रैक्चर है और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई जानकारी के मुताबिक बीते दिन देर शाम जब वाहिद अपनी पत्नी को लेकर अपनी ससुराल गांव छारोड़ा से तावडू की ओर मोटरसाइकिल से लौट रहा था। बस स्टैंड से कुछ दूरी पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहिद का सिर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को तावडू के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से वाहिद की गंभीर हालत को देखते हुए उसे नूंह स्थित शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हादसा,मृतक के 4 बच्चे यह पूरा हादसा छारोड़ा बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी थी और मोटरसाइकिल पीछे से आकर उससे टकरा गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि वाहिद अपने परिवार में इकलौता बेटा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अपने पीछे पत्नी, एक बहन और चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। हादसे की खबर मिलते ही गांव राहाड़ी में शोक की लहर दौड़ गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *