गोंडा के मोतीगंज थाना क्षेत्र में बिजली बिल राहत योजना के तहत चेकिंग और बिल वसूली के लिए गए अवर अभियंता (जेई) और कर्मचारियों पर हमला किया गया। ग्रामीणों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिसमें जेई समेत कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए है। यह घटना छाछपारा मुतवल्ली गांव में हुई, जहां खोरहंसा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता विशाल चौरसिया और उनके कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा गया। हमलावरों ने उनके मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिए और साथ लाए सरकारी कागजात भी फाड़ दिए है। किसी तरह जान बचाकर अवर अभियंता विशाल चौरसिया अपने सहयोगियों के साथ मोतीगंज थाने पहुंचे। उन्होंने नान्हू चौहान, सुनील, राम बचन, सम्हारे, राजे, नहकने, अर्जुन और शंकर सहित आठ नामजद लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। अवर अभियंता विशाल चौरसिया ने बताया कि बिल जमा करने की बात कहते ही ग्रामीणों ने मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में संविदा बिजली कर्मचारी सद्दाम अहमद, अब्दुल वहाब, राजकुमार तिवारी, अनूप श्रीवास्तव, शाहिद अहमद, सुधीर कुमार और संदीप कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना का एक वीडियो कल 6 जनवरी की शाम करीब 4 बजे का बताया जा रहा है, जो अब वायरल हो रहा है। मोतीगंज थाना अध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया कि तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच विवेक कुमार को सौंपी गई है। वायरल वीडियो और दर्ज मुकदमे के आधार पर जांच की जा रही है। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजीदेवर में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।


