पुलिस पर चिल्लाते, झड़प करते एबीवीपी कार्यकर्ताओं का वीडियो:कन्या विधि कॉलेज की प्राचार्य के निलंबन की मांग; एडमिशन में धांधली का आरोप

पुलिस पर चिल्लाते, झड़प करते एबीवीपी कार्यकर्ताओं का वीडियो:कन्या विधि कॉलेज की प्राचार्य के निलंबन की मांग; एडमिशन में धांधली का आरोप

छतरपुर में कन्या विधि महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। कार्यकर्ता महाविद्यालय की प्राचार्य एच.डी. अहिरवार के निलंबन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और अन्य प्रशासनिक कार्यों में कथित धांधली का आरोप लगा रहे थे। उनका मुख्य आरोप प्राचार्य एच.डी. अहिरवार पर कमीशन लेने से संबंधित एक ऑडियो क्लिप के सोशल मीडिया पर वायरल होने को लेकर था। कार्यकर्ताओं ने वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच कर प्राचार्य को तत्काल निलंबित करने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने भी प्राचार्य को हटाने की मांग का समर्थन करते हुए महाविद्यालय में लंबे समय से अनियमितताओं का आरोप लगाया, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। ज्ञापन देने पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच इस दौरान धक्का-मुक्की और तीखी बहस हुई, जिससे परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने की अनुमति थी, लेकिन स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते उन्हें रोका गया। पुलिस के अनुसार, हालात को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच के आदेश दिए जाने की बात कही जा रही है। महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। शहर के राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *