उज्जैन में ट्रेन पर चढ़ते समय एक यात्री का पैर फिसल गया। वह ट्रेन की चपेट में आने ही वाला था कि वहां मौजूद आरपीएफ जवान ने उन्हें खींचकर उनकी जान बचा ली। घटना गुरुवार की है। स्टेशन पर पहुंची अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस (19489) से उतरकर यात्री ने खाने-पीने का सामान खरीदा। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी। वे तेजी से ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगे, तभी उनका पैर फिसल गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। छायापुरी स्टेशन से वाराणसी जा रहे बुजुर्ग जाहिद चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान गाड़ी का हैंडल पकड़ने के बाद उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच जाने लगे। यह देखकर ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक योगेंद्र पटेल ने आवाज लगाई। तभी आरपीएफ जवान शिवराम मीणा ने तुरंत उन्हें पकड़कर खींच लिया। इससे वे ट्रेन की चपेट में आने से बच गए। हालांकि, उनके हाथ में हल्की चोट आई है।


