Ahmedabad. शहर में हत्या की एक और घटना सामने आई है।वेलेंटाइन डे पर नारोल क्षेत्र में पत्नी को लेने उसके मायके पहुंचे पति की ससुर के साथ कहासुनी हो गई। इस दौरान आवेश में आए दामाद ने ससुर की चाकू से वार करके हत्या कर दी।
जोन-6 के उपायुक्त भगीरथ गढ़वी ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना 14 फरवरी की रात आठ से 9.30 बजे के दौरान नारोल में कौशल केनाल रोड पर चिस्तिया पार्क सोसाइटी में हुई। दाणीलीमडा निवासी इब्राहिम मंसूरी (27), मुस्तफा मंसूरी ने चिस्तिया पार्क सोसाइटी में रहने वाले अजीज मंसूरी (60) के साथ पहले कहासुनी की और फिर मारपीट करते हुए चाकू से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। दोनों ही आरोपी वहां से फरार हो गए।
पत्नी को मायके न भेजने पर किया झगड़ा
डीसीपी ने बताया कि अजीज मंसूरी अपने घर पर थे। वेलेंनटाइ डे दिन अजीज मंसूरी का दामाद इब्राहिम उसकी पत्नी (अजीज की बेटी) को लेने के लिए उनके घर पहुंचा था। वह करीब 15-20 दिनों से मायके में ही थी। अजीज के घर मेडिकल इमरजेंसी चल रही थी, जिसके चलते वह बेटी को उसकी ससुराल नहीं भेज रहे थे। अजीज की पत्नी को किडनी की समस्या हो गई थी और उनकी पुत्र वधू को हाल ही में प्रसूति हुई है। जिससे कुछ दिन बाद बेटी को भेजने की उन्होंने इब्राहिम से बात कही। जिससे इब्राहिम आवेश में आ गया उसने अजीज के साथ झगड़ा किया। उस समय वह वहां से अपने घर गया और उसके भाई मुस्तफा को लेकर फिर ससुराल पहुंचा।
वहां पर उसने ससुर अजीज मंसूरी के साथ कहासुनी व झगड़ा किया। हाथापाई की और उसके बाद इब्राहिम ने मुस्तफा के साथ मिलकर अजीज पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी फर्नीचर का काम करते हैं, जबकि मृतक भट्ठी में मजदूरी करता था। आरोपी की पत्नी 30 जनवरी से उसके मायके थी। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है।


