Video News: पाकिस्तानी गैंगस्टर सहजाद भट्टी गिरोह का सदस्य बनासकांठा से गिरफ्तार

Video News: पाकिस्तानी गैंगस्टर सहजाद भट्टी गिरोह का सदस्य बनासकांठा से गिरफ्तार

Ahmedabad. गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम ने पाकिस्तानी गैंगस्टर सहजाद भट्टी गिरोह के एक सदस्य को बनासकांठा जिले से पकड़ा है। बनासकांठा जिले के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के साथ मिलकर की कार्रवाई में आरोपी को डीसा से पकड़ा। यह डीसा के ढाबे पर मजदूरी कर रहा था।

गुजरात एटीएस ने रविवार को बताया कि पंजाब पुलिस से वांछित आरोपी की जानकारी मिली थी। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए एटीएस के अधिकारियों ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि पंजाब में ग्रेनेड स्मगलिंग के मामले में वांछित आरोपी बिक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की इन दिनों गुजरात में है। यह पंजाब के अमृतसर जिले के नंगल पनऊल का रहने वाला है। फिलहाल यह बनासकांठा जिले के डीसा क्षेत्र में किसी ढाबे पर छिपकर काम कर रहा है।

इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में उपाधीक्षक हर्ष उपाध्याय के नेतृत्व में एक टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। टीम ने डीसा स्थित ढाबे से आरोपी को दबोच लिया। उसे आगे की पूछताछ के लिए अहमदाबाद एटीएस कार्यालय लाया गया है।प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी बिक्रमजीत सिंह की पूछताछ में सामने आया कि वह पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर सहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के गिरोह का सदस्य है। इन दोनों के साथ मिलकर ये पाकिस्तान से भारत में ग्रेनेड सप्लाई करने का काम करता था। इसके अलावा भारतीय सुरक्षा एजेंसियों पर हमले की साजिशों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

स्थानीय युवकों को गिरोह में करता शामिल

आरोपी की पूछताछ में सामने आया कि यह पंजाब से दूर रहकर पंजाब के स्थानीय युवकों को उसकी गैंग में शामिल कराता था। पुलिस थानों व सुरक्षा बलों पर हमलों की साजिश रचता था। जांच में यह भी सामने आया कि सहजाद भट्टी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के लिए काम करता है। पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिलवाता है। जिसमें पुलिस स्टेशन, प्रसिद्ध व्यक्तियों पर हमले कराने की घटना शामिल है।

अमृतसर एसएसओसी में दर्ज मामले में लिप्त

एटीएस सूत्रों के तहत पंजाब के अमृतसर स्थित स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) में तीन अप्रेल 2026 को विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज मामले में यह लिप्त है। इस मामले में इसकी गिरफ्तारी की गई है। इसकी गिरफ्तारी की सूचना पंजाब पुलिस को दे दी है। इस पूरे मामले में अमृतसर के स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) में 3 अप्रेल 2026 को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुजरात एटीएस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पंजाब पुलिस को दे दी है। आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत उसे पंजाब पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *