Ahmedabad. शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने प्याज की आड़ में गांजा की हेराफेरी का पर्दाफाश किया । इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से दो करोड़ से ज्यादा की कीमत के 406 किलोग्राम गांजा जब्त किया। पकड़े गए आरोपियों में दीपक जाट (20) और सतेश पावरा (23) शामिल हैं। दीपक महाराष्ट्र के शीरपुर तहसील के हेदारीपाटा गांव और सतेश जोइदा गांव का निवासी है।
क्राइम ब्रांच ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र की ओर से एक मिनी ट्रक प्याज लेकर अहमदाबाद आ रहा है जिसमें प्याज की आड़ में बड़े पैमाने पर गांजा है। इस सूचना के आधार पर नारोल सर्कल पर शुक्रवार को नजर रखी गई। जैसे ही वाहन नारोल सर्कल के पास से गुजरा उसे रोक लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर प्याज की आड़ में गांजा मिला जिसका कुल वजन 406 किलोग्राम था। इसकी कीमत दो करोड़ रुपए से ज्यादा है।
मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र बॉर्डर के गांव से लाए थे
दोनों ही आरोपियों की पूछताछ में सामने आया कि इस गांजा को यह दोनों ही लोग मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र के बॉर्डर पर स्थित करमाला गांव से लाए थे। इस गांजा को करमाला गांव में सागर पावरा और शांताराम पावरा नामक दो लोगों ने मिनी ट्रक में भरकर दिया था। यह गांजा अहमदाबाद पहुंचकर उनके बताए अनुसार किसी व्यक्ति को सौंपना था। ऐसे में पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसे यह दोनों गांजा सौंपने वाले थे। इनके पास से 50 बोरी ब्याज और पिकअप वाहन भी जब्त किया है।


