Ahmedabad. पालनपुर. स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने बनासकांठा जिले की डीसा तहसील में धानेरा-डीसा मार्ग पर गलालपुर गांव में छापेमारी कर 1 करोड़ रुपए से अधिक की शराब जब्त की। मौके से राजस्थान के बाड़मेर जिले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार एसएमसी के पुलिस उप निरीक्षक (पीएसआइ) सी. के. सिसोदिया के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर गलालपुर गांव में छापेमारी की। मौके से 1.09 करोड़ रुपए से अधिक की 22,728 बोतल व टिन शराब जब्त की। अलग-अलग ब्रांड की यह शराब पंजाब के मोहाली की डिस्टिलरी में निर्मित की गई।टीम ने शराब के साथ 3 वाहन, 7 मोबाइल, 6500 रुपए नकद, 1 तिरपाल, रस्सी सहित कुल 1.52 करोड़ रुपए से अधिक का मुद्दामाल जब्त किया। मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इनमें राजस्थान के बाड़मेर जिले की रामसर तहसील के निवासी ट्रक चालक सत्तार खान नोड्डी, मुख्य सप्लायर का पार्टनर अहसान खान सिंधी, बेकाखान पठान के अलावा राजस्थान के बाड़मेर जिले की चौहटन तहसील के निवासी जसवंत सोनी, कुंभाराम जाखड़ शामिल हैं।वहीं, शराब का रिसीवर गुजरात के कच्छ जिले के नखत्राणा निवासी अज्ञात व्यक्ति और शराब का सप्लायर पंजाब के पटियाला निवासी बलवीर सिंह उर्फ जोगिंदर सिंह को वांछित घोषित किया गया। इस संबंध में डीसा ग्रामीण थाने में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी और जब्त मुद्दामाल सौंप दिया गया।


