Video News: आइपीएल के मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खेलते 6 आरोपी गिरफ्तार

Video News: आइपीएल के मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खेलते 6 आरोपी गिरफ्तार

Ahmedabad. इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) की शुरूआत हो चुकी है। ऐसे में आइपीएल के मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खेलने व अन्य लोगों को खिलाने वाले छह आरोपियों को शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा है। जांच में सामने आया कि इन लोगों ने सट्टा खेलने के लिए शहर के मेमनगर इलाके में किराए पर एक मकान भी लिया था। जहां ऑनलाइन आइडी लेकर यह आइपीएल के मैच पर सट्टा खेल व अन्य लोगों को खिला रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में कपिल उर्फ चिराग ठक्कर (24), अभय ठक्कर (30), यश कुमार अखाणी (30), मीत जयसवाल (25), कल्पेश ठक्कर (35) और ध्रुव ठक्कर (27) शामिल हैं।

क्राइम ब्रांच के तहत उन्हें सूचना मिली थी कि मेमनगर क्षेत्र की आनंद पार्क सोसाइटी में रहने वाला कपिल तथा अभय ने इस सोसाइटी में किराए पर मकान लिया है। यहां पर यह दोनों अलग-अलग क्रिकेट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की आइडी लेकर उस पर सट्टा खेलते हैं। इतना ही नहीं अन्य लोगों को भी ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए आइडी बेचते हैं। आइपीएल के तहत चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे मैच पर यह सट्टा खेल रहे हैं और अन्य लोगों को खिला भी रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने शुक्रवार की रात इस सोसाइटी में दबिश दी और मौके से इन दोनों के साथ अन्य चार लोगों को धर दबोचा। इनके पास से 16 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिसकी कीमत दो लाख 60 हजार रुपए है। इसके अलावा 50 हजार रुपए की नकदी भी जब्त की है।

अन्य सात लोगों ने भी ली है आइडी

प्राथमिक जांच में सामने आया कि कपिल और अभय के पास से अन्य सात लोगों ने भी सट्टा खेलने के लिए ऑनलाइन आइडी ली है। ऐसे लोगों को क्राइम ब्रांच ने फरार घोषित किया है, जिनमें किशन ठक्कर, पाटण का रोनक ठक्कर, अहमदाबाद का दीप ठक्कर, आकाश लालवाणी, किशन ठक्कर, जीतू और झमकू शामिल हैं। कपिल और अभय ने किनके पास से और कितने में आइडी ली है उसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *