बिहार के गयाजी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ लोग पास के खेत से चना उखाड़ते नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गयाजी जिले में चल रही समृद्धि यात्रा के दौरान एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। गया में जहां मंच से मुख्यमंत्री विकास और आधुनिक खेती पर जोर दे रहे थे, वहीं उनका भाषण सुनने आए कुछ लोग पास के खेत से चना उखाड़ते नजर आए। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
खेत मालिक के विरोध के बाद भी नहीं माने लोग
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान बिहार के गयाजी जिले के टनकुप्पा प्रखंड स्थित मायापुर गांव पहुंचे थे। यहां वे लोगों के साथ राज्य में विकास, कृषि सुधार और आधुनिक खेती की उपलब्धियों पर चर्चा कर रहे थे।
इसी बीच, सभा में शामिल कुछ महिलाएं और पुरुष पास के चने के खेत में जाकर चना उखाड़ने लगे। खेत के मालिक ने शुरुआत में इसका विरोध किया, लेकिन जब लोग नहीं माने तो उसने अंततः इसे छोड़ दिया।
चना तोड़ अभियान
दरअसल, मुख्यमंत्री का भाषण सुनने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे थे। भीड़ के बीच कुछ लोगों ने खेत में लगी हरी चने की फसल उखाड़ना शुरू कर दिया। पहले कुछ लोग चना तोड़ते नजर आए, लेकिन धीरे-धीरे एक-दूसरे को देखकर यह सिलसिला बढ़ता गया और सभा में मौजूद लोगों के बीच मानो ‘चना तोड़ अभियान’ सा शुरू हो गया। वहां से गुजरने वाला लगभग हर व्यक्ति चने के पौधे उखाड़ते दिखाई दिया। कई लोग तो हाथों में चने के पौधे लिए ही सभा स्थल की ओर बढ़ते नजर आए। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस परिसर में आयोजित किया गया था।


