Video: दोस्तों ने पिलाई नशीली ड्रिंक, होश आया तो मंडप में बैठा था छात्र! हाथ पकड़कर जबरन करवा दी शादी

Video: दोस्तों ने पिलाई नशीली ड्रिंक, होश आया तो मंडप में बैठा था छात्र! हाथ पकड़कर जबरन करवा दी शादी

बिहार के समस्तीपुर में पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है। बिहार पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहे एक युवक को किडनैप करके उसकी जबरन शादी करा दी गई। 

बिहार में पकड़ौआ विवाह की कहानियां समय-समय पर सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार वायरल तस्वीरों ने सबको चौंका दिया है। घटना समस्तीपुर जिले के पटोरी इलाके की बताई जा रही है, जहां पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक का आरोप है कि उसे बहला-फुसलाकर, नशीला पदार्थ देकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई और फिर बेहोशी की हालत में शादी की रस्में पूरी करवाई गईं। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक सुस्त और बेबस दिख रहा है। उसके चेहरे के हाव-भाव साफ बता रहे हैं कि वह पूरी तरह नॉर्मल नहीं है। वीडियो में महिलाओं को गीत गाते देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि वरमाला की रस्म के दौरान भी युवक ठीक से हाथ नहीं उठा पा रहा था। आस-पास खड़े लोग उसका हाथ पकड़कर लड़की के गले में वरमाला डलवा रहे थे।

जब होश आया तब तक सब हो चुका था

छात्र का दावा है कि वह किसी काम से घर से निकला था। रास्ते में उसके दोस्तों ने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। आरोप है कि उसकी कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर उसे पिला दिया गया। उसके बाद उसे कुछ याद नहीं है। जब उसे होश आया तो वह शादी के मंडप में बैठा था। शादी की ज्यादातर रस्में पूरी हो चुकी थीं और वह अब विरोध करने की हालत में नहीं था। युवक का यह भी दावा है कि उसे बोलने से रोकने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

युवक ने पहले शादी से किया था मना

परिवार के मुताबिक, लड़की के परिवार ने शुरू में शादी की बात की, लेकिन युवक को लड़की पसंद नहीं आई, इसलिए प्रपोजल ठुकरा दिया गया और बात आगे नहीं बढ़ी। मना करने के बाद भी नाराजगी बनी रही। परिवार का आरोप है कि बदले की कार्रवाई में लड़की के परिवार ने दोस्तों के साथ मिलकर किडनैपिंग और जबरदस्ती शादी की साजिश रची। युवक के घरवालों का कहना है कि उनका बेटा पढ़ाई और भर्ती की तैयारी में लगा था, शादी का कोई इरादा नहीं था।

लड़की वालों का पलटवार

दूसरी तरफ, लड़की के परिवार वाले पूरी कहानी से इनकार कर रहे हैं। उनका दावा है कि लंबे समय से बातचीत चल रही थी, परिवार मान गए थे और सब कुछ नॉर्मल हुआ। लड़के की मां ने भी वीडियो कॉल पर लड़की को पसंद किया था। उनका दावा है कि शादी आपसी सहमति से हुई थी। वे वायरल वीडियो को यह कहते हुए खारिज करते हैं कि इसे गलत एंगल से दिखाया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया लड़के के बयान

मामला पुलिस स्टेशन पहुंच गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लड़के को अपनी कस्टडी में ले लिया और उसका बयान दर्ज किया। वीडियो को भी अहम सबूत माना जा रहा है। जांच इस बात पर फोकस है कि क्या सच में नशीला पदार्थ दिया गया था। शादी में कौन-कौन मौजूद थे और क्या कोई दबाव डाला गया था।

मेडिकल जांच, डिजिटल सबूत और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर जबरदस्ती शादी या किडनैपिंग की पुष्टि होती है, तो इसमें शामिल लोगों पर सख्त चार्ज लग सकते हैं।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *