धमतरी शहर में बुधवार को नगर निगम की टीम ने बालक चौक पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे जूता-चप्पल बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कार्राई के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला विक्रेता ने विरोध शुरू कर दिया। महिला पहले ट्रैक्टर के सामने लेट गई और बाद में जब्त किए गए सामान की ट्रॉली पर चढ़कर हंगामा करने लगी। मौके पर मौजूद अन्य दुकानदारों ने भी कार्रवाई का विरोध किया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति पर काबू पाया और जब्त किया गया सामान महिला को वापस किया गया। सड़क किनारे दुकान नहीं लगाने की दी गई थी चेतावनी दरअसल बालक चौक व्यस्त मार्गों में से एक है। सड़क किनारे दुकानों के कारण यहां अक्सर यातायात बाधित होता था, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। निगम ने पहले भी कई बार इन विक्रेताओं को समझाइश दी थी और सड़क किनारे दुकान न लगाने की चेतावनी जारी की थी। निर्देशों का पालन न होने पर बुधवार को जब्ती कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने जूता-चप्पल दुकानों से सामान जब्त कर ट्रॉली में रखना शुरू किया। इसी बीच महिला विक्रेता ने विरोध करते हुए पहले ट्रैक्टर के सामने लेटकर और बाद में ट्रॉली पर चढ़कर हंगामा किया। महिला के हंगामे बाद जब्त सामान वापस किया गया अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। बाद में निगम ने जब्त सामान महिला को वापस कर दिया। उसे दोबारा सड़क किनारे दुकान न लगाने की अंतिम चेतावनी भी दी गई। नगर निगम के उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि सड़क किनारे दुकानों के कारण यातायात बाधित हो रहा था। उन्होंने कहा कि पहले भी कार्रवाई कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन दोबारा दुकान लगाने पर सामान जब्त करना पड़ा। महिला को समझाइश देकर सामान वापस कर दिया गया है, उसके खिलाफ खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।


