मेरठ में ईद-उल-फितर पर (शनिवार) सुबह 5 बजे से रूट डायवर्जन प्रभावी हो जाएगा। शहर की सड़कों पर नमाज के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था तैयार की गई है। जैसे-जैसे भीड़ कम होगी ट्रैफिक सामान्य कर दिया जाएगा। व्यवस्था संभालने के लिए थाना पुलिस के अलावा अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल लगाया गया है। यह तैयार की गई है व्यवस्था
प्रभारी ट्रैफिक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ईद की नमाज के दौरान सड़क पर काफी भीड़ देखने को मिलती है। नमाजी अपने घरों से ईदगाहों में पहुंचकर नमाज पढ़ते हैं। ऐसी स्थिति को देखते हुए प्लान लागू किया गया है। शहर के भीतर यह होंगे इंतजाम
– दिल्ली और बागपत की तरफ से आने वाली रोडवेज की बसें परतापुर इंटरचेंज से बागपत पुल, रोहटा पुल, सरधना पुल के रास्ते मोदीपुरम पुल से दाहिने मुड़कर टैंक चौराहा, जीरो माइल, बेगमपुल होते हुए भैसाली रोडवेज स्टैंड पर पहुंचेंगी।
– दिल्ली चुंगी, शारदा रोड और ब्रह्मपुरी चौराहे से भूमिया पुल की तरफ किसी भी प्रकार का वहां नहीं जाएगा।
– हापुड़ अड्डा से भूमिया का पुल की तरफ सभी तरह के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
– हापुड़ रोड से आने वाले सभी वाहन L ब्लॉक से तेजगढ़ी चौराहा होते हुए हापुड़ अड्डे पहुंचेंगे।
– L ब्लॉक से हापुड़ अड्डा सीधे कोई वाहन आ/जा नहीं सकेगा।
– बागपत अड्डा फुटबॉल चौक से रेलवे रोड की तरफ सभी प्रकार के वाहन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगे।
– जली कोठी चौराहे पर बैरियर लगाकर केवल भारी वाहनों को दिल्ली रोड की तरफ प्रवेश से रोका जाएगा।
– गढ़ रोड से आने वाला यातायात डिग्गी तिराहा से जेल चुंगी चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
– ईव्ज चौराहा से हापुड़ अड्डा चौराहे की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा।
– सिटी बसें और रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसे गांधी आश्रम, हंस चौराहा, सर्किट हाउस, कमिश्नर आवास चौराहा से बाउंड्री रोड होकर जीरो माइल चौराहे तक आएंगे और इसी मार्ग से वापस जाएगी। एसपी बोले- सुरक्षा की दृष्टिगत डायवर्जन एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि ईद पर सुबह के समय नमाजी ईदगाह में नमाज पढ़ने जाते हैं। इस दौरान सड़कों पर भीड़ अधिक रहती है। किसी तरह की विपरीत स्थिति पैदा ना हो, इसी को ध्यान में रखकर रूट प्लान लागू किया गया है।


