सहारनपुर की जनकपुरी पुलिस ने वाहन चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं। यह कार्रवाई रविवार दोपहर को की गई। पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को राज कुमार शर्मा निवासी नुमाइश कैंप गोपाल नगर, सहारनपुर ने थाना जनकपुरी में अपनी बाइक चोरी होने की तहरीर दी थी। इसके आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सहारनपुर ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और चोरी हुई बाइक की बरामदगी के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। रविवार को मुखबिर की सूचना पर जनकपुरी पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान लिंक रोड के पास से आरोपी शोएब पुत्र मुर्सलीन को गिरफ्तार किया। शोएब हरिद्वार जिले के माधोपुर हजरतपुर गांव का निवासी है। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद हुईं। इनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस (नंबर UP11AR5999), बजाज डिस्कवर (नंबर UK17J3536) और एक अन्य हीरो स्प्लेंडर प्लस (नंबर UP11CF4952) शामिल हैं। बरामदगी के बाद संबंधित मुकदमों में धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पूछताछ में आरोपी शोएब ने बताया कि वह चोरी की बाइक कम दाम में बेचकर मुनाफा कमाता था। उसने सहारनपुर और हरिद्वार के विभिन्न इलाकों से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने चोरी की दो बाइक जनता रोड स्थित एक खाली प्लॉट में छिपा रखी थीं, जिन्हें पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद किया। आरोपी शोएब के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक कुशवाह, हेड कांस्टेबल अश्वनी, हेड कांस्टेबल आदित्य राणा और कांस्टेबल प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


