नरसिंहपुर जिले में शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर हुए एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिला का पति सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय त्रिवेणी बाई अपने पति गया प्रसाद के साथ केरपानी गांव आई हुई थीं। अष्टमी पूजन के बाद वे जबलपुर लौट रहे थे। शुक्रवार दोपहर जब वे गांव से मुख्य राजमार्ग की ओर जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में त्रिवेणी बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसी दौरान ग्राम सरसला की ओर से गुजर रहे सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेश शर्मा ने घायल दंपति को सड़क किनारे देखा। उन्होंने तुरंत अपनी कार से दोनों को स्वास्थ्य केंद्र रोसरा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद त्रिवेणी बाई को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सुआतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है।


