दमोह देहात थाना क्षेत्र के परसोरिया गांव के पास गुरुवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कटनी कैमूर निवासी प्रबल पिता प्रदीप श्रीवास्तव (17) और पथरिया वार्ड 8 निवासी जय पिता संदीप श्रीवास्तव (18) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। शवों को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है, जिनका आज शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। बाइक से गैस सिलेंडर लेकर दमोह आया था मृतक प्रबल के भाई प्रखर ने बताया कि प्रबल ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी थी और कॉलेज जाने वाला था। गुरुवार शाम दोनों भाई बाइक से गैस सिलेंडर लेकर अपने बड़े पिता संदीप श्रीवास्तव के यहां दमोह आए थे। प्रखर के अनुसार, रात में जब उनकी बात हुई तो भाइयों ने बताया कि वे पहुंचने ही वाले हैं। इसके बाद रात करीब 11:00 बजे उन्हें सूचना मिली कि दोनों सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। जब परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों के मामा आलोक श्रीवास्तव ने भी घटना की पुष्टि की। अज्ञात वाहन तालक की तलाश जारी है उन्होंने कहा है कि पुलिस तत्काल अज्ञात वाहन की तलाश कर चालक पर मामला दर्ज करें। प्रबल दो भाई है जिसमें प्रबल और प्रखर हैं। वहीं जय के दो भाई और दो बहन हैं जय अभी कॉलेज में पड़ता है उसके पिता रेस्टोरेंट में काम करते हैं। जबकि प्रबल के पिता एसीसी सीमेंट में कैमूर में कार्यरत है। पुलिस के द्वारा मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।


