UP बोर्ड (उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं चल रही हैं। वाराणसी में 118 केंद्रों पर परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। 12 मार्च को परीक्षा खत्म होने के बाद कापियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए पहले से ही तैयारी की जा रही है। कापियों के मूल्यांकन के लिए जनपद में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इसमें शहर में स्थित पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर काॅलेज, निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज, भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज और जेपी मेहता इंटर कॉलेज शामिल हैं। इनमें निवेदिता शिक्षा सदन और जेपी मेहता नए मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। 2500 से ज्यादा परीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाने की तैयारी है। मूल्यांकन केंद्रों पर भी रहेगी सख्ती DIOS भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, सभी चार मूल्यांकन केंद्रों पर 15 मार्च तक कॉपियां पहुंच जाएंगी। सुबह 9 बजे से शाम 5 तक कॉपियां जांची जाएंगी। मूल्यांकन केंद्रों की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम भी होगा जो पहले से ही पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में संचालित है। सभी मूल्यांकन केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी, साथ ही बोर्ड की तरफ से पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए जाएंगे। परीक्षकों को पहले मॉडल काॅपियां दिखाई जाएंगी और उन्हें कॉपी जांचने के प्रक्रिया भी बताई जाएगी। मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों का मोबाइल ऑफ रहेगा।


