9 साल की वंशिका यादव ‘बालक राम’ का दर्शन करने अयोध्या पहुंची है। कड़ाके की ठंडक और घने कोहरे के बीच यह बालिका शिकोहाबाद बाद से स्केटिंग करते हुए अयोध्या पहुंची है। वह अयोध्या तक की स्केटिंग पर 3 जनवरी को निकली थी और लगभग 450 किलोमीटर की दूरी बुधवार की रात को पूरी कर ली। तिलयानी फिरोजाबाद की रहने वाली वंशिका के आगे पीछे उसके पिता शिव शंकर यादव व चाचा कार से चल रहे थे। उसके वीडियो दिखाते है कि वह सड़क पर दूरी व स्थान को प्रदर्शित करने वाले पत्थरों पर पड़ी धूल या उसे ढके झाड़ियों को भी साफ करती आयी है। अयोध्या पहुंचने के बाद वंशिका ने पिता के साथ रामलला का दर्शन किया। वह भव्य राम मंदिर और रामलला की मनमोहक स्वरूप को देख कर बेहद भावुक हो उठी।वह करीब 45 मिनट तक राम मंदिर में रही।उसकी बहादुरी और रामलला के प्रति उसकी भक्ति को देखते हुए राम मंदिर ट्रस्ट ने उनकी प्रसंशा की है। राम मंदिर के ट्रस्टी डाक्टर अनिल मिश्र ने वंशिका का राम मंदिर परिसर मे रामलला का प्रसाद और रामनाम देकर स्वागत किया और बहादुरी की प्रसंशा की।उन्होंने कहा कि इस सर्द मौसम में स्केटिंग कर अयोध्या आने का वंशिका का संकल्प बेहद बहादुरी वाला भावुक कर देने वाला है। हम उसके इस साहस और संकल्प की जोरदार प्रसंशा करते हैं। उन्होंने कहा कि वंशका नहीं बल्कि उसके इस संकल्प में साथ देने वाले उसके पिता और पूरा परिवार बधाई का पात्र है।


