भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय पहचान से जुड़े राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गोरखपुर रेलवे स्टेशन परिसर में एक भव्य राष्ट्रभक्ति संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रेल सुरक्षा बल बैंड द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी को देशभक्ति की भावना से भर दिया।
कार्यक्रम में रेल सुरक्षा बल बैंड ने अनुशासित और भावपूर्ण ढंग से देशभक्ति धुनों की प्रस्तुति दी। बैंड की मधुर धुनों से पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। स्टेशन पर मौजूद यात्री, आम लोग और रेलवे कर्मचारी रुककर इस कार्यक्रम को देखने और सुनने लगे।
बताया गया कि “वंदे मातरम्” की रचना महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने वर्ष 1876 में की थी। इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में देश के प्रति प्रेम, त्याग और बलिदान की भावना जगाने का काम किया। बाद में 24 जनवरी 1950 को भारत सरकार ने इसे राष्ट्रीय गीत का सम्मान दिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और कर्तव्य, अनुशासन, सेवा-भाव तथा संविधान के प्रति निष्ठा का संदेश देना था। रेल सुरक्षा बल बैंड की प्रस्तुति से लोगों के मन में राष्ट्रीय चेतना का संचार हुआ।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बैंड की सराहना की और इसे प्रेरणादायक बताया। वंदे मातरम् की गूंज के साथ यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया।


