नगर निगम परिषद में वंदे मातरम के अपमान और कथित दुर्व्यवहार के मामले में कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम और रुबीना इकबाल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। महिला पार्षदों की बयानबाजी के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे ‘बेशर्मी’ करार देते हुए सीधे कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व पर हमला बोला और उनसे जवाब मांगा। वे बोले कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बताएं कि आखिर उनके यहां ऐसी क्या नीति है, जो अपने सदस्यों को इस प्रकार के आचरण के लिए प्रोत्साहित करती है। देशभक्तों का अपमान क्यों किया जा रहा है? भारत माता की जय करते हुए हजारों जवान अपने प्राणों का उत्सर्ग कर देते हैं। यहां कांग्रेस के चुने हुए पार्षद, जो पार्टी के बैनर तले चुनकर आते हैं, वे भारत माता की जय से भी मना करते हैं और वंदे मातरम से भी।


