अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में यूपी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन ‘वामा सारथी’ की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से चयनित यूपी पुलिस परिवार की 14 महिलाओं और बेटियों को उनके विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता वामा सारथी की अध्यक्ष मीनाक्षी सिंह ने की।
तस्वीरों में देखिये
लखनऊ में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर वामा सारथी कार्यालय, लखनऊ में यह गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य यूपी पुलिस के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के परिवारों की उन महिलाओं और बेटियों को सम्मानित करना था, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज के सामने प्रेरक उदाहरण पेश किए हैं।
530 नामांकन में से 14 का चयन
कार्यक्रम के लिए प्रदेश के सभी जिलों से ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए थे। कुल 530 आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी जांच वामा सारथी की स्क्रीनिंग कमेटी ने की। विस्तृत समीक्षा के बाद मुख्यालय स्तर पर 14 महिलाओं और बेटियों को सम्मान के लिए चुना गया।
मीनाक्षी सिंह बोलीं-ये उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणा
सम्मान समारोह में सभी चयनित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए वामा सारथी की अध्यक्ष मीनाक्षी सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इन प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित करना यूपी पुलिस परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि इनकी उपलब्धियां केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं हैं, बल्कि समाज की हर बेटी और महिला के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
‘गिव टू गेन’ थीम से प्रेरित रहा कार्यक्रम
यह समारोह अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की थीम ‘गिव टू गेन’ से प्रेरित था। इस विचार के अनुसार जब समाज महिलाओं को ज्ञान, अवसर, सम्मान और सहयोग देता है तो इसका लाभ केवल महिलाओं को ही नहीं बल्कि पूरे समाज को मिलता है।
विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को मिला सम्मान
सम्मानित होने वालों में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर स्वाति रोजा, उद्यमिता के क्षेत्र में खुशबू सिंह, संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए अपूर्वा और अपूर्वी, बीएसएफ एयर विंग की फ्लाइट इंजीनियर भावना चौधरी, कराटे खिलाड़ी श्रेया सिंह और अंतरराष्ट्रीय कलाकार डॉ. नेहा सिंह शामिल रहीं। इसके अलावा वैज्ञानिक डॉ. पद्मिनी मिश्रा, सामाजिक सेवा के लिए साधना, चिकित्सक डॉ. निरिमा गौतम, साहित्यकार आकांक्षा प्रजापति और सामाजिक कार्यकर्ता निगहत को भी सम्मानित किया गया।
अंगदान के लिए भी किया गया सम्मान
कार्यक्रम में अंगदान के क्षेत्र में प्रेरक उदाहरण पेश करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें हेमलता यादव और दीप्ति यादव शामिल हैं, जिन्होंने अपने गंभीर रूप से बीमार पतियों को बचाने के लिए क्रमशः लिवर और किडनी दान कर साहस और समर्पण की मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में कई सदस्य और परिवारजन रहे मौजूद
इस अवसर पर वामा सारथी स्पेशल इवेंट कमेटी की उपाध्यक्ष बृजरानी स्वर्णकर, सदस्य काम्या कुलकर्णी और मेघना गुप्ता, स्किल डेवलपमेंट कमेटी की अध्यक्ष पुनीता सिंह, सचिव डॉ. चारू गाबा सहित संगठन की कई सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों के परिवार के सदस्य भी शामिल हुए और सम्मानित महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।


