India vs Afghanistan, Semi-Final, U19 world cup 2026: अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे इस मुक़ाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का तूफान देखने को मिला है। 311 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने तूफानी अर्धशतक लगाया है।
सूर्यवंशी की तूफानी शुरुआत
सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ शुरुआत करते हुए सात चौके और तीन छक्के की मदद से मात्र 24 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। हालांकि वे अपनी इस पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाये और 33 गेंद पर 68 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अपनी इस पारी में भारतीय बल्लेबाज ने 9 चौके और चार छक्के लगाए। लक्ष्य का पीछा करने हुए भारत ने तूफानी शुरुआत की है। खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम 11 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए हैं। एरोन गॉर्ज 25 गेंद पर 22 रन बना कर खेल रहे हैं।
फैसल शिनोजादा और उजैरउल्लाह नियाजी ने जड़े शतक
अफगानिस्तान ने फैसल शिनोजादा और उजैरउल्लाह नियाजी की शतकीय पारियों के दम पर निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए। इस टीम को उस्मान सादात और खालिद अहमदजई की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 12.2 ओवरों में 53 रन जुटाए।
अफगानिस्तान की बेहतरीन बल्लेबाजी
अहमदजई 39 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद फैसल शिनोजादा ने सादात के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रन जुटाते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। सादात ने 70 गेंदों में 3 चौकों के साथ 39 रन की पारी खेली। यहां से शिनोजादा ने उजैरउल्लाह नियाजी के साथ तीसरे विकेट के लिए 130 गेंदों में 148 रन जोड़ते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
शिनोजादा 93 गेंदों में 15 चौकों के साथ 110 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नियाजी ने 86 गेंदों में 2 छक्कों और 12 चौकों के साथ 101 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट हासिल किए। भारत ने यूएसए, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की हैट्रिक के साथ सुपर सिक्स के ग्रुप-2 में जगह बनाई, जहां जिम्बाब्वे को 204 रन से रौंदने के बाद पाकिस्तान को 58 रन से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और तंजानिया को शिकस्त देकर सुपर सिक्स के ग्रुप-2 में स्थान बनाया, जहां श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट से शिकस्त झेलने के बाद आयरलैंड के विरुद्ध 191 रन से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।


