Uttar Pradesh: बम की सूचना पर विमान को आपात स्थिति में उतारा गया, निरीक्षण में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

Uttar Pradesh: बम की सूचना पर विमान को आपात स्थिति में उतारा गया, निरीक्षण में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो विमानन कंपनी की एक उड़ान में बम होने की सूचना मिलने के बाद विमान को रविवार सुबह लखनऊ हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को सुबह लगभग 8.46 बजे इंडिगो की उड़ान 6ई-6650 में बम होने की सूचना मिली।
अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान का मार्ग परिवर्तित किया गया और उसे सुबह 9.17 बजे आपात स्थिति में लखनऊ हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया।
उन्होंने बताया कि विमान के हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद विमान को एक अलग स्थान पर खड़ा किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद विमान का सघन निरीक्षण किया गया और इस दौरान कोई भी विस्फोटक या अन्य संदिग्ध चीज नहीं मिली, जिसके बाद सभी यात्री विमान में फिर से सवार हुए और अनिवार्य सुरक्षा जांच व निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान शाम चार बजकर 40 मिनट पर अपने गंतव्य के लिये रवाना हो गया।

लखनऊ पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, प्रारंभिक जांच के दौरान एक टीशू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिस पर ‘प्लेन में बम’ है, लिखा था।
पुलिस ने बताया कि विमान में आठ शिशुओं सहित 222 यात्री, दो पायलट और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे।

पुलिस के मुताबिक, बम निरोधक दस्ते, सुरक्षा एजेंसियां और हवाई अड्डा अधिकारी विमान की गहन सुरक्षा जांच की।
इंडिगो के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा गया, “18 जनवरी 2026 को दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 6650 में सुरक्षा संबंधी खतरा महसूस किया गया, जिसकी वजह से विमान की लखनऊ में आपात लैंडिंग करायी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *