छोटी डील से जीतते थे भरोसा, नकली-कर्मचारी बनकर करते बात:ऑनलाइन स्टील ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी का भांड़ाफोड़; मास्टरमाइंड सहित दो आरोपी गिरफ्तार

छोटी डील से जीतते थे भरोसा, नकली-कर्मचारी बनकर करते बात:ऑनलाइन स्टील ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी का भांड़ाफोड़; मास्टरमाइंड सहित दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस थाना मुहाना, जयपुर दक्षिण द्वारा ऑनलाइन ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियामार्ट व जस्ट डायल जैसे प्लेटफॉर्म पर फर्जी फर्म बनाकर व्यापारियों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने तीन साल से फरार मास्टरमाइंड केशव उगन झा को झारखंड के झुमरी तलैया (कोडरमा) से गिरफ्तार किया है। वहीं उसके सहयोगी चंदन शंकर झा को पुणे (महाराष्ट्र) से डिटेन कर गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि इस मामले को लेकर थाना मुहाना में मुकदमा दर्ज होने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया था। इस प्रकरण में जयपुर की सनप्रो इन्फ्राटेक प्रा.लि. कंपनी से स्टील प्लेट सप्लाई के नाम पर करीब एक करोड़ 17 लाख रुपये की ठगी की गई थी। ऐसे दिया ठगी को अंजाम उन्होंने बताया- पीड़ित रामस्नेही, निदेशक सनप्रो इन्फ्राटेक प्रा.लि., ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि नेपाल के रिद्धि-सिद्धि पावर प्रोजेक्ट के लिए स्टील प्लेट की आवश्यकता थी। इसी दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर केशव एंटरप्राइजेज नामक फर्म से संपर्क हुआ। सौदा तय होने के बाद आरोपी ने पहले कुछ माल भेजकर भरोसा जीता और फिर फर्जी बिल्टी व ट्रक नंबर देकर शेष रकम खाते में डलवा ली। इसके बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया। जांच में सामने आया कि जिस पते पर फर्म दर्ज थी, वहां कोई स्टील कंपनी नहीं बल्कि ऑटोमोबाइल पार्ट्स फैक्ट्री संचालित थी। गिरोह का शातिर तरीका पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले छोटी मात्रा में असली माल भेजकर व्यापारियों का विश्वास जीतते थे। बाद में बड़े ऑर्डर लेकर फर्जी दस्तावेज, बिल्टी और वाहन नंबर के जरिए रकम हड़प लेते थे। कई मामलों में भरोसा बढ़ाने के लिए एडवांस राशि भी लौटा दी जाती थी। गिरोह के सदस्य खुद को फर्म के कर्मचारी, मैनेजर और पर्सनल असिस्टेंट बताकर बात करते थे, जिससे फर्म को बड़ी और भरोसेमंद कंपनी के रूप में पेश किया जा सके। ठगी की रकम तुरंत अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाल ली जाती थी। हर वारदात के बाद नया सिम, नया खाता और नई फर्जी फर्म बनाकर दोबारा ठगी की जाती थी। तकनीकी जांच से गिरफ्तारी थानाधिकारी गुरभूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। एफसी ओमप्रकाश डोबर की भूमिका से झुमरी तलैया, झारखंड से केशव उगन झा (40) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने देशभर में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मुंबई, महाराष्ट्र, गुजरात, बेंगलुरु, गोवा सहित कई राज्यों में सैकड़ों व्यापारियों से करोड़ों रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। अब तक 14 से अधिक मामलों में शिकायत दर्ज होने की पुष्टि हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी आरोपी ने बताया कि वह अधिकतर 2 से 10 लाख रुपए की ठगी करता था, ताकि पीड़ित कानूनी कार्रवाई से बचें। पुलिस बैंक खातों की जांच कर अन्य थानों को जानकारी दे रही है। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्त दोनों आरोपियों केशव उगन झा (40) पुत्र उगन झा, निवासी कछुआ, थाना लखनौर, जिला मधुबनी (बिहार) और चंदन शंकर झा (24) पुत्र शंकर झा, निवासी फ्लैट नंबर-103, एसवाई कॉर्नर, मौसी लक्ष्मीनगर, भोसरी, पुणे (महाराष्ट्र) को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में और मामलों के खुलासे की संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *