US-Iran Peace Talks: इस्लामाबाद पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, सबसे पहले शहबाज शरीफ से करेंगे मुलाकात

US-Iran Peace Talks: इस्लामाबाद पहुंचे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, सबसे पहले शहबाज शरीफ से करेंगे मुलाकात

US-Iran Peace Talks: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ईरान के साथ बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंच गए हैं। जेडी वेंस सबसे पहला कार्यक्रम पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से मुलाकात करने का है। इसके बाद बातचीत का कार्यक्रम शुरू होगा। दोनों देशों की ओर से कई नेता और अधिकारी इस वार्ता में शामिल हो रहे हैं।

पहले शहबाज शरीफ से मुलाकात

तय कार्यक्रम के अनुसार, जेडी वेंस सबसे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि इसके बाद ही असली बातचीत शुरू होगी, जिसमें अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते पर चर्चा होगी। शहबाज शरीफ ने खुद इस बैठक को बेहद निर्णायक बताया है। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक और बातचीत नहीं, बल्कि एक ऐसा मौका है जो या तो स्थायी शांति की राह खोल सकता है या फिर हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने साफ कहा कि यह ‘मेक-ऑर-ब्रेक पल है। यानी या तो अब बात बन जाएगी, या फिर आने वाले समय में हालात और जटिल हो सकते हैं। मिडिल ईस्ट की शांति काफी हद तक इसी बैठक के नतीजों पर टिकी मानी जा रही है।

पाकिस्तान की बड़ी भूमिका

इस पूरी प्रक्रिया में पाकिस्तान खुद को एक अहम मध्यस्थ के रूप में पेश कर रहा है। लंबे समय से चले आ रहे तनाव के बीच वह चाहता है कि कोई ठोस समाधान निकले और क्षेत्र में स्थिरता आए। इस्लामाबाद में हो रही यह वार्ता इसलिए भी खास है क्योंकि यहां सिर्फ दो देशों की बात नहीं हो रही, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य की दिशा तय हो सकती है।

ट्रंप ने रखा सस्पेंस बरकरार

इस बीच, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया है। उन्होंने पहले की अमेरिकी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक सिर्फ बातचीत होती रही, लेकिन ठोस नतीजा नहीं निकला। ट्रंप ने साफ तौर पर कुछ भी तय नहीं बताया। उन्होंने कहा कि अगली बैठक ही यह तय करेगी कि आगे क्या होगा। यह आखिरी दौर है या फिर बातचीत जारी रहेगी, इस पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। बस इतना कहा, ‘देखते हैं कल क्या निकलता है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *